Lucknow : मोदी सरकार की तानाशाही अब खुली गुंडागर्दी में बदल चुकी है। लोकतंत्र में अपनी आवाज़ उठाना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन भाजपा सरकार इस अधिकार को बेरहमी से कुचल रही है। आम आदमी पार्टी विधायक मेहराज मलिक की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ़ गुरुवार को आप के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने श्रीनगर में प्रेस वार्ता और धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया था। लेकिन केंद्र सरकार के इशारे पर पूरे सरकारी गेस्ट हाउस को पुलिस छावनी में बदल दिया गया और सांसद संजय सिंह को जबरन हाउस अरेस्ट कर दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर न सिर्फ़ सांसद संजय सिंह को बाहर निकलने नहीं दिया गया बल्कि जम्मू-कश्मीर प्रभारी इमरान हुसैन और आप नेताओं को भी नज़रबंद कर दिया गया। यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। लोकतांत्रिक तरीक़े से विरोध करने वाले नेताओं को कैद करना भाजपा की फासीवादी मानसिकता को उजागर करता है।
सबसे शर्मनाक दृश्य तब देखने को मिला जब जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर फारूख अब्दुल्ला, जो सांसद संजय सिंह के पुराने मित्र हैं, हाउस अरेस्ट की सूचना पाकर उनसे मिलने सरकारी गेस्ट हाउस पहुँचे। लेकिन पुलिस ने उन्हें भी मिलने से रोक दिया। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि “संजय सिंह जी को हाउस अरेस्ट कर जनता की आवाज़ दबाई जा रही है, विपक्ष के नेताओं को कैद किया जा रहा है। अब भाजपा खुली गुंडागर्दी पर उतर आई है।”
ग़ौरतलब है कि कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक को डोडा क्षेत्र में अस्पताल की मांग करने पर जम्मू-कश्मीर में कुख्यात PSA (Public Safety Act) के तहत अवैध रूप से गिरफ्तार कर लिया गया था। यह वही क़ानून है जिसके ज़रिए दशकों से कश्मीर में विपक्षी आवाज़ों को दबाया जाता रहा है। मेहराज मलिक लगातार स्थानीय जनता की समस्याओं और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी लोकतंत्र का गला घोंटने और जनता की आवाज़ को कुचलने का घिनौना प्रयास है।
आम आदमी पार्टी साफ़ चेतावनी देती है कि भाजपा सरकार चाहे जितना दमन कर ले, विपक्ष की आवाज़ को दबा नहीं पाएगी। लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताक़त होती है। जब सरकार जनता की आवाज़ कुचलती है तो उसका पतन निश्चित होता है। कश्मीर से लेकर उत्तर प्रदेश और पूरे देश तक, आम आदमी पार्टी मोदी सरकार की तानाशाही और गुंडागर्दी के खिलाफ़ सड़क से संसद तक संघर्ष करती रहेगी।