मुंबई (महाराष्ट्र): गायक शान और उदित नारायण के साथ निर्माता रमेश तौरानी ने संगीतकार ललित पंडित के भक्ति गीत ‘साईं नाम सांचा’ के लॉन्च पर आस्था, आध्यात्मिकता और संगीत को लेकर अपने विचार साझा किए।
शान ने साईं बाबा के प्रति अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को याद करते हुए बताया कि बचपन से ही उनके जीवन में भक्ति का हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि उनके घर में साईं नाथ जी की मूर्ति है और हर गुरुवार को वह अपनी मां के साथ पूजा किया करते थे।
शान ने कहा कि उनकी मां के निधन के बाद भी साईं भजन गाने की इच्छा हमेशा बनी रही, लेकिन सही समय नहीं मिल पाया। उन्होंने बताया कि जब ललित पंडित ने उन्हें जापान जाने से पहले फोन किया और साईं भजन गाने के लिए कहा, तो वह तुरंत तैयार हो गए।
उन्होंने कहा कि यह सब साईं नाथ जी की इच्छा से होता है। चाहे शिर्डी जाने की बात हो या उनके लिए भजन गाने की, सब कुछ तभी संभव होता है जब साईं बाबा की कृपा होती है।
शान ने युवाओं में बढ़ती आध्यात्मिक रुचि पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जब वह जेन जी की उम्र के थे, तब उनके आसपास इतनी आध्यात्मिक जागरूकता नहीं थी, लेकिन अब युवाओं में भक्ति और समझ देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस भजन में युवा गायकों की भागीदारी केवल गाने के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धा के साथ जुड़ने के लिए है।
ललित पंडित की तारीफ करते हुए शान ने कहा कि वह 1990 के दशक से उनके पसंदीदा संगीतकारों में से एक रहे हैं। उन्होंने बताया कि ललित पंडित के साथ काम करना हमेशा सम्मान और खुशी का अनुभव रहा है।
वहीं, दिग्गज गायक उदित नारायण ने ललित पंडित को कई बेहतरीन आवाजों को एक साथ लाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे शुभ अवसर पर साईं बाबा का भजन रिलीज होना विशेष बात है।
उदित नारायण ने कहा कि इस भजन में करीब 12 से 15 गायकों ने अपनी आवाज दी है और यह बहुत खूबसूरत बनकर तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां भी साईं बाबा का नाम आता है, लोग उस भजन को जरूर पसंद करते हैं।
उन्होंने ललित पंडित की रचना की सराहना करते हुए कहा कि इस भजन में शास्त्रीय संगीत का सुंदर मिश्रण है और साईं बाबा के नाम को एक अलग अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
निर्माता रमेश तौरानी ने भी ‘साईं नाम सांचा’ की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह भजन भक्ति से भरपूर है और लोग इसकी भावनाओं से जरूर जुड़ेंगे।
रमेश तौरानी ने कहा कि इस गाने में हरिहरन, उदित नारायण, शान, जावेद अली जैसे कई बेहतरीन गायकों ने अपनी आवाज दी है। उन्होंने ललित पंडित के नए प्रतिभाशाली गायकों को शामिल करने के फैसले की भी सराहना की।
ललित पंडित द्वारा कंपोज किया गया भक्ति गीत ‘साईं नाम सांचा’ मुंबई में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लॉन्च किया गया। इस गीत में कई प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर्स के साथ उभरते हुए गायकों की आवाज भी शामिल है।














