Bengaluru : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बार फिर महिला सुरक्षा और आपसी रंजिश से जुड़ी एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे प्रेमी ने शादी से इनकार करने और दूरी बनाने से नाराज होकर अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड की सरेराह चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान अंजलि के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
राजीव के बैकग्राउंड से परेशान था अंजलि का परिवार
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, अंजलि और आरोपी राजीव एक ही संस्थान में साथ काम करते थे। दोनों पिछले तीन-चार साल से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे और उनके बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। हालांकि, जब बात शादी तक पहुंची, तो अंजलि के परिवार ने राजीव के पारिवारिक और व्यक्तिगत बैकग्राउंड को देखते हुए इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। माता-पिता के दबाव और राजीव के तौर-तरीकों के कारण हाल ही में अंजलि ने भी उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी और उसका फोन उठाना कम कर दिया था।
डिनर के बहाने बुलाया और फिर कर दिया खूनी हमला
राजीव लगातार अंजलि और उसके परिवार को शादी के लिए मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन नाकाम रहने पर उसने खौफनाक साजिश रची। रविवार शाम को राजीव ने बातचीत और सुलह के बहाने अंजलि को डिनर पर बुलाया। भोजन के दौरान उसने एक बार फिर शादी का मुद्दा छेड़ा, जिस पर अंजलि ने साफ मना कर दिया। इससे दोनों के बीच तीखी बहस हो गई और अंजलि वहां से उठकर जाने लगी।
नाराज राजीव ने अंजलि का पीछा किया और रात करीब 9:30 बजे बीच सड़क पर ही अंजलि की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद अंजलि लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में अंजलि को पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजीव गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही बेंगलुरु पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए महज कुछ ही मिनटों में आरोपी राजीव को दबोच लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार को कब्जे में ले लिया है। अंजलि के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएस रमैया अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी जांच और गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।














