रिपोर्ट : लियाकत पुंडीर
सहारनपुर में एक युवक ने शादी करने के लिए खुद को पुलिस का दरोगा बता कर ऐसा झूठ रचा, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। बरेली जनपद के जशनपुर गांव का रहने वाला कासिम ने खुद को 2023 बैच का पुलिस दरोगा बताकर सहारनपुर में अपनी पोस्टिंग होने का दावा किया और पीलीभीत की एक युवती के परिवार को इसी झूठ के जाल में फंसा लिया।
कासिम ने अपनी पहचान छिपाकर लड़की के परिवार से शादी की बातचीत आगे बढ़ाई। जब लड़की के परिवार वाले रिश्ते को पक्का करने के लिए सहारनपुर पहुंचे, तो कासिम ने खुद को पुलिस की वर्दी में कचहरी चौक पर उनसे मिलाया। इस दौरान कासिम के साथ उसका पिता पुत्तन भी मौजूद था।
वहीं लड़की पक्ष के लोग उसे असली पुलिस दरोगा मानकर पूरी तरह से विश्वास करने लगे, लेकिन कासिम की बातों में कुछ संदिग्धताएँ दिखने लगीं। पुलिस से संबंधित सवाल पूछे जाने पर वह बार-बार घबराता और उसकी बातें उलझने लगीं। यही सब देखकर वहां ड्यूटी पर तैनात दरोगा अमित को शक हुआ। उन्होंने कासिम से पूछताछ शुरू की, और जब उससे बैच और रोल नंबर के बारे में पूछा गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। यही से कासिम के फर्जी दरोगा होने का पर्दाफाश हुआ।
इसके बाद पुलिस ने कासिम को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर कड़ी पूछताछ की। अंततः उसने अपना झूठ स्वीकार कर लिया। पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है। कासिम के इस फर्जीवाड़े और शादी के लिए पुलिस दरोगा बनने के अनोखे ड्रामे ने सहारनपुर शहर में चर्चा का विषय बना दिया है।
लड़की के परिवार ने पुलिस की मदद से कासिम और उसके पिता पुत्तन को गिरफ्तार कर थाने में छोड़ दिया और कहा कि उनकी बेटी की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई, वरना यह फर्जी दरोगा उनकी जिंदगी में बड़ा संकट पैदा कर सकता था।










