नई दिल्ली: एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बुधवार 22 जुलाई को संसद में मुलाकात हुई। इस दौरान शरद पवार के साथ उनकी बेटी और एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले भी मौजूद थीं। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन बिल और CJP प्रोटेस्ट जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
यह मुलाकात सुप्रिया सुले के उस बयान के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने परिसीमन बिल पर बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए को सशर्त समर्थन देने की बात कही थी। सुप्रिया सुले ने कहा था कि अगर सरकार सभी राज्यों में समान 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव रखती है तो एनसीपी (एसपी) इसका समर्थन कर सकती है। हालांकि, इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के भीतर भी चर्चा की जाएगी।
इससे पहले शरद पवार और सुप्रिया सुले 21 जुलाई को CJP प्रदर्शन में शामिल हुए थे। सुप्रिया सुले ने दिल्ली पुलिस द्वारा पीएम हाउस के सामने धरना दे रहे नेताओं को हटाए जाने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर आपत्ति जताई थी।
सुप्रिया सुले ने अपने बयान में कहा था कि लोक कल्याण मार्ग पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ बदसलूकी की गई, जब वह छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर जवाब मांग रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी को धक्का देकर जमीन पर गिराया गया और घसीटा गया। साथ ही प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लेने के लिए बल प्रयोग किया गया।
मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से शरद पवार और सुप्रिया सुले की प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीरें साझा की गईं। पीएमओ ने लिखा कि राज्यसभा सांसद शरद पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने आज संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से एनसीपी (एसपी) के एनडीए के साथ जाने की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में शरद पवार और पीएम मोदी की इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है।












