नेपाल के प्रमुख नेता और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) से जुड़े बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है। साथ ही उन्होंने भारत को लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई भी दी।
बता दें, बालेन शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाओं के लिए वह आभारी हैं और उन्हें भरोसा है कि आने वाले समय में भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक और करीबी संबंध और मजबूत होंगे।
अपने पोस्ट में बालेन शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच बहुआयामी रिश्ते हैं, जिन्हें दोनों देशों के सहयोग से और गहरा और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की वर्ल्ड कप जीत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भारत सरकार और भारतीय जनता को लगातार दो बार विश्व कप का खिताब जीतने पर दिल से बधाई दी।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेताओं को देश के राष्ट्रीय चुनावों में मिली सफलता पर बधाई दी थी। पीएम मोदी ने बालेन शाह और RSP के चेयरमैन रबी लामिछाने से फोन पर बातचीत भी की थी। इस दौरान उन्होंने नेपाल में नई सरकार के गठन पर अपनी शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने की इच्छा जताई।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने दोनों नेताओं से अच्छी बातचीत की और नेपाल के चुनावों में RSP की शानदार सफलता के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत नेपाल की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने को लेकर प्रतिबद्ध है और दोनों देशों की खुशहाली तथा विकास के लिए साथ मिलकर प्रयास करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच सहयोग और साझेदारी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी और दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि नेपाल में हाल ही में हुए चुनावों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पार्टी ने संसदीय चुनावों में बढ़त बनाई है और फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट (FPTP) श्रेणी में 125 सीटें हासिल की हैं। इसके अलावा प्रोपोर्शनल रिप्रेजेंटेशन (PR) श्रेणी में भी पार्टी आगे चल रही है। इससे नेपाल की राजनीति में इस नई पार्टी की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है।













