इज़राइल डिफेंस फोर्सेज़ (IDF) ने रविवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि उसने लेबनान में हमास के एक सीनियर फाइनेंशियल ऑपरेटिव वालिद मुहम्मद दीब को मार गिराया है। IDF के मुताबिक, दीब हमास के फाइनेंशियल नेटवर्क का अहम हिस्सा था और वह संगठन की गतिविधियों के लिए फंड ट्रांसफर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।

बता दें, IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वालिद मुहम्मद दीब हमास के केंद्रीय वित्तीय ढांचे के तहत काम करता था। वह जूडिया और सामरिया, लेबनान समेत कई अन्य क्षेत्रों में संगठन के विभिन्न विभागों को आर्थिक सहायता पहुंचाने का काम करता था। इसके अलावा, वह सीरिया और लेबनान से लोगों की भर्ती में भी शामिल था।

इज़राइली सेना के अनुसार, यह कार्रवाई हमास के फाइनेंशियल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक सामने नहीं आई है।

दूसरी ओर, लेबनान में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल के दिनों में इज़राइली हमलों में कई लोगों की जान गई है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2 मार्च से अब तक इज़राइली हमलों में मरने वालों की संख्या एक हजार के पार पहुंच चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं और बड़ी संख्या में नागरिक बेघर हो गए हैं।

इस बीच, हिज़्बुल्लाह ने भी इज़राइल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। संगठन ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इज़राइल में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ हमले मारून अल-रस इलाके के पास ड्रोन के जरिए किए गए, जबकि नाहरिया की ओर मिसाइलें दागी गईं।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस संघर्ष ने क्षेत्रीय स्थिरता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। लगातार हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाई के चलते हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द ही तनाव कम नहीं हुआ तो यह संघर्ष व्यापक रूप ले सकता है।

मथुरा घटना को लेकर सपा नेता Awadhesh Prasad ने BJP पर बोला हमला

शेयर करना
Exit mobile version