लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयकर विभाग के कार्यालय से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। IRS अधिकारी गौरव गर्ग पर उनके ही विभाग के एक अन्य अधिकारी द्वारा हमला किए जाने से पूरे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। यह घटना हजरतगंज स्थित आयकर विभाग के दफ्तर में हुई, जहां गौरव गर्ग पर कथित रूप से झगड़े के बाद मारपीट की गई।
🔴 ब्रेकिंग न्यूज़ | लखनऊ में IRS गौरव गर्ग पर हमला, ऑफिस में ही पीटे गए
लखनऊ के हजरतगंज स्थित आयकर विभाग के दफ्तर में उस समय सनसनी फैल गई जब IRS अधिकारी गौरव गर्ग पर हमला कर दिया गया।
➡️ हमला डिपार्टमेंट के ही एक अधिकारी द्वारा किया गया बताया जा रहा है।
➡️ गौरव गर्ग घायल हैं… pic.twitter.com/2CFjyXzs5x— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) May 29, 2025
सूत्रों के मुताबिक, विभागीय विवाद को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच बहस हुई जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई। हमले में गौरव गर्ग को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरव गर्ग, IPS अधिकारी रवीना त्यागी के पति हैं, और इस कारण यह मामला और भी अधिक संवेदनशील बन गया है। हालांकि अभी तक हमले की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि मामला विभागीय तनाव और आपसी मनमुटाव से जुड़ा हो सकता है।
हमले की पुष्टि के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आयकर विभाग ने भी आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं।
कार्यालय परिसर के अंदर हुई इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ इस प्रकार की हिंसक घटना ने लोक प्रशासन की गरिमा और सुरक्षा पर गंभीर चिंता उत्पन्न कर दी है। मामले की जांच जारी है और हमलावर अधिकारी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।