लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया अस्पताल) से मातृत्व को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी मां अपने साढ़े चार साल के मासूम बेटे को अस्पताल में मृत छोड़कर भाग गई। शुक्रवार रात महिला अपने घायल बच्चे को लेकर इमरजेंसी पहुंची थी, लेकिन जैसे ही उसे डॉक्टरों द्वारा बच्चे की मौत का पता चला, वह चुपचाप खिसक गई। अस्पताल प्रशासन के बार-बार संपर्क करने और बुलाने पर महिला शनिवार सुबह करीब 11 बजे वापस अस्पताल पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
बाथरूम में गिरने की झूठी कहानी, शरीर पर थे बेरहमी के निशान
अस्पताल पहुंचने पर महिला ने डॉक्टरों को गुमराह करने के लिए एक झूठी कहानी गढ़ी थी। उसने बताया था कि बच्चा नहाते समय बाथरूम में अचानक फिसलकर गिर गया था, जिससे उसे चोटें आईं। हालांकि, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों को उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ क्योंकि मासूम के शरीर पर गिरने के नहीं, बल्कि बुरी तरह बेरहमी से की गई पिटाई के गहरे निशान थे। मामला संदिग्ध लगते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ खौफनाक खुलासा
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शनिवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने डॉक्टरों के शक पर मुहर लगा दी और मां के झूठ का पर्दाफाश कर दिया।














