Lucknow Airport Digi Yatra. चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बीते 18 अगस्त को डिजी यात्रा (Digi Yatra) के जरिए यात्रियों ने नया रिकॉर्ड बनाया। इस दिन कुल 17 हजार यात्रियों ने एयरपोर्ट से उड़ान भरी, जिसमें से 7047 यात्रियों ने डिजी यात्रा का विकल्प चुना, जो कुल यात्रियों का 41 प्रतिशत है। यह एक दिन में डिजी यात्रा का अब तक का सबसे अधिक उपयोग है।

डिजी यात्रा से सफर हुआ आसान और पेपरलेस

डिजी यात्रा एक ऐसी पहल है जो हवाई यात्रा को आसान और पेपरलेस बनाती है। इस सुविधा का उपयोग करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर प्रवेश के लिए न तो टिकट दिखाना पड़ता है और न ही पहचान पत्र या आधार कार्ड। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, डिजी यात्रा सुविधा का उपयोग करने वाले यात्रियों का चेहरा ही उनकी पहचान बन जाता है। इससे सुरक्षा जांच और बोर्डिंग प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे यात्रियों का समय भी बचता है।

हालांकि डिजी यात्रा सुविधा फिलहाल केवल घरेलू उड़ानों के लिए उपलब्ध है। अंतरराष्ट्रीय फ्लाइटों में इस सुविधा का इस्तेमाल अभी नहीं किया जा सकता।

बढ़ रही यात्रियों की संख्या और फ्लाइट सेवाओं का बहाल होना

लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे मरम्मत कार्य के चलते दिन में रनवे बंद रहता था, जिसके कारण विमान सेवाओं में बाधा आती थी। लेकिन मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अब पुरानी विमान सेवाओं को बहाल किया जा रहा है। हाल के दिनों में 12 फ्लाइटें पुनः शुरू की गई हैं, जिससे एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।

डिजी यात्रा के माध्यम से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलता है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक यात्रियों को इस सुविधा से जोड़ने की योजना है, ताकि एयरपोर्ट संचालन और यात्रियों का अनुभव और बेहतर बनाया जा सके।

UP News : योगी सरकार के खिलाफ सड़क पर सपा विधायक Pallavi Patel,पुलिस से हो गई भिड़ंत

शेयर करना
Exit mobile version