Lucknow: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के आइपीएल 2026 के 19वें संस्करण में लखनऊ के भारत रत्न Atal Bihari Vajpayee इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हाई वोल्टेज मुकाबले होंगे। इकाना स्टेडियम लखनऊ सुपर जायंट्स का होम ग्राउंड है। मुकाबलों के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, स्टेडियम प्रबंधन, यूपीसीए और बीसीसीआई ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए प्रत्येक दर्शक को वैध टिकट अनिवार्य है। प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले या आयोजक द्वारा तय समय पर खुलेगा। स्कैनिंग मशीन पर पढ़ने योग्य न होने या बारकोड में छेड़छाड़ पाए जाने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। टिकट केवल एक व्यक्ति के लिए मान्य होगा और पुनः प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रतिबंधित वस्तुओं में बोतल, सिक्के, ईयरफोन, ग्लास, लाइटर, कैन, पोर्टेबल स्पीकर, हथियार, हेलमेट, बैग, लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक और अन्य खतरनाक या असुविधाजनक वस्तुएँ शामिल हैं। स्टेडियम में व्यावसायिक, राजनीतिक, धार्मिक या आपत्तिजनक बैनर, पोस्टर या झंडे लाना वर्जित है, केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज बिना संदेश के अनुमति प्राप्त है।
भोजन, शराब और धूम्रपान स्टेडियम परिसर में पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। रिकॉर्डिंग, लाइव प्रसारण, डेटा साझा करना या व्यावसायिक गतिविधियाँ बिना अनुमति वर्जित हैं। अभद्र, धमकीपूर्ण, नस्लीय या भेदभावपूर्ण व्यवहार पर सख्त कार्रवाई होगी। मैदान में प्रवेश करना या वस्तुएँ फेंकना भी सख्ती से निषेध है।
इन नियमों का उद्देश्य दर्शकों को सुरक्षित, अनुशासित और सुखद अनुभव प्रदान करना है और सुनिश्चित करना है कि आईपीएल के रोमांचक मुकाबले सुरक्षित माहौल में खेलें और देखे जाएँ।














