डेस्क : दिल्ली के रोहिणी इलाके में ‘स्पेशल 26’ स्टाइल में फर्जी CBI रेड की कोशिश का मामला सामने आया है। 8 से 10 संदिग्ध लोग खुद को CBI अधिकारी बताकर एक कारोबारी के घर पहुंचे और तलाशी लेने का दावा किया। हालांकि, घर में मौजूद महिला की सतर्कता के चलते उनकी साजिश नाकाम हो गई।
महिला ने गेट खोलने से साफ इनकार कर दिया
जानकारी के मुताबिक, संदिग्धों ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए घर की तलाशी लेने की बात कही, लेकिन जब उनसे सर्च वारंट मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। महिला ने गेट खोलने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद संदिग्ध करीब डेढ़ घंटे तक घर के बाहर खड़े रहे।
सभी लोग मौके से फरार हो गए
मामले की जानकारी मिलने पर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी आरोपियों से सर्च वारंट दिखाने को कहा। इस पर संदिग्धों ने कहा कि वारंट गाड़ी में रखा है और वह दस्तावेज लेने जा रहे हैं। इसके बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। परिवार ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। जांच में सामने आया कि संदिग्धों ने CBI के प्रतीक चिन्ह वाले कपड़े पहने हुए थे और फर्जी पहचान पत्र भी दिखाए थे। घटना के बाद आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर एक नोटिस भी भेजा, जिस पर CBI डायरेक्टर का नाम और हस्ताक्षर थे।
परिवार ने नोटिस का स्क्रीनशॉट पुलिस को शिकायत के साथ सौंप दिया है। वहीं, घर के पास लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
The post रोहिणी में फर्जी CBI अधिकारी बनकर पहुंचे ठग, महिला की सूझबूझ से बचा बड़ा फ्रॉड appeared first on Bharat Samachar | Hindi News Channel.













