बॉलीवुड के सबसे चहेते और पावरफुल कपल्स में शुमार रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख अक्सर अपनी खूबसूरत केमिस्ट्री को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में जेनेलिया के जन्मदिन के खास मौके पर अभिनेता रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर एक बेहद प्यारा और दिल को छू लेने वाला मैसेज शेयर किया है। रितेश ने अपनी पत्नी के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए उन्हें अपने परिवार का मुख्य सहारा बताया है और साथ ही कई खूबसूरत तस्वीरें भी साझा की हैं, जिन्हें फैंस द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है।
रितेश देशमुख ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें शेयर करते हुए एक मजाकिया और रोमांटिक कैप्शन लिखा, “मेरी प्यारी बाइको, मैं उन सभी यादों को देख रहा था जिन्हें हमने शेयर किया, संजोया और बनाया, और मुझे एहसास हुआ कि मैं ही बूढ़ा हो रहा हूँ—आप समय में पूरी तरह से जमी हुई लगती हैं। लेकिन फिर, मुझे लगता है कि आप सच में एक अच्छे पति के साथ खुशकिस्मत हैं।” रितेश के इस अंदाज को उनके फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और कपल की बॉन्डिंग की तारीफ कर रहे हैं।
इसके आगे रितेश ने जेनेलिया की तारीफ करते हुए उन्हें परिवार को जोड़े रखने वाली शख्सियत बताया। उन्होंने लिखा, “हमारे परिवार को एक साथ रखने वाले इंसान को जन्मदिन की बधाई एक सुपर मॉम, एक शानदार बेटी, एक प्यारी बहन, और मेरी ‘वेदी बाइको’!!! आई लव यू।” रितेश और जेनेलिया की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत फिल्म ‘तुझे मेरी कसम’ के सेट पर हुई थी, जो साल 2003 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने बहुत सराहा था।
कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस कपल ने 3 फरवरी, 2012 को पारंपरिक महाराष्ट्रीयन और क्रिश्चियन रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली थी। इस खूबसूरत जोड़े के दो बेटे हैं नवंबर 2014 में बड़े बेटे रियान और जून 2016 में छोटे बेटे राहिल का जन्म हुआ था। रितेश और जेनेलिया अक्सर सोशल मीडिया रील्स और फैमिली पलों की झलकियां अपने फैंस के साथ साझा करते रहते हैं, जिन्हें इंटरनेट पर काफी प्यार मिलता है।














