दिल्ली : परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से प्रस्तावित मुलाकात से पहले ही स्टालिन ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
स्टालिन ने अपने बयान में कहा कि डीएमके ने तमिलनाडु के हितों को ध्यान में रखते हुए परिसीमन को लेकर अपना फैसला लिया है। पार्टी अपने सिद्धांतों और राज्य के हितों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर उनके रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और समझौते का कोई सवाल नहीं है।
दरअसल, परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस नेतृत्व इस मुद्दे पर स्टालिन से बातचीत कर उन्हें अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चेन्नई के लिए रवाना हुआ है। इस प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य विपक्षी नेता शामिल हैं।
वहीं, डीएमके ने 28 नवंबर को संशोधित परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला किया था। पार्टी का कहना है कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की उसकी प्रमुख मांगों को नए प्रस्ताव में शामिल किया गया है। अब राहुल गांधी और स्टालिन की मुलाकात पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हैं।













