लखनऊ/सुल्तानपुर: भारत समाचार की खबर के बाद राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहे वाहनों की दुर्घटना के मामले में यूपी पुलिस एक्शन में आ गई है। उत्तर प्रदेश के DGP ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT गठित कर दी है। राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
तीन सदस्यीय SIT गठित
इस मामले की जांच के लिए लखनऊ रेंज के IG किरण एस को SIT का अध्यक्ष बनाया गया है। सुल्तानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और यातायात पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को भी टीम में शामिल किया गया है।
हादसे की वजह और सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच
SIT हादसे के कारणों की जांच करेगी। इसके साथ ही एस्कॉर्ट और ट्रैफिक व्यवस्था में संभावित लापरवाही तथा सुरक्षा में किसी चूक की आशंका की भी पड़ताल की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने SIT को सभी पहलुओं की जांच कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
हादसे को लेकर उठे सवाल
राहुल गांधी के काफिले के पीछे हुए इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब SIT की जांच में यह स्पष्ट होगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या एस्कॉर्ट, ट्रैफिक प्रबंधन या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी।














