रायबरेली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा जुबानी हमला बोला है। रायबरेली में सीएम योगी ने राहुल गांधी की कार्यशैली और बयानों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि देश को उनसे कोई अपेक्षा नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उनकी जिम्मेदारी जरूर बनती है।
सीएम योगी ने कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा के अनुसार जवाबदेही निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार भारत की विरासत और गौरव को निशाना बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाहर जाकर यूपी को बदनाम करने का काम करते हैं। वहीं विदेश दौरों के दौरान देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि देश के बाहर जाकर भारत का अपमान करना किसी भी जिम्मेदार नेता को शोभा नहीं देता।योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर देश विरोधी तत्वों को प्रोत्साहित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक बड़े राजनीतिक पद पर बैठे व्यक्ति को देशहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और देश की जनता ऐसे बयानों का जवाब समय आने पर देती है। उन्होंने राहुल गांधी से जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की अपील की।













