लखनऊ/अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के दानपात्रों से चढ़ावे की धनराशि में कथित चोरी और गबन के प्रकरण में उत्तर प्रदेश शासन ने गंभीर रुख अपनाते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। ट्रस्ट के औपचारिक अनुरोध पर लिए गए इस निर्णय के तहत तीन वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है, जिसे सात दिनों के भीतर प्रारंभिक और पंद्रह दिनों में विस्तृत अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
ये तीन वरिष्ठ अधिकारी करेंगे मामले की जांच
गठित SIT में लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत (IAS), आईजी रेंज किरण एस. (IPS) और विशेष सचिव वित्त नील रतन को शामिल किया गया है। तीनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवी और सख्त छवि के लिए जाने जाते हैं। शासन के इस फैसले के बाद अब पूरे प्रकरण की भौतिक, वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं पर गहन एवं निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच शुरू होगी, जिससे यह साफ हो सकेगा कि चढ़ावे की राशि में गबन का आरोप कितना सत्य है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।










