आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी डील सामने आई है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स को एक अमेरिकी बिजनेसमैन ने रिकॉर्ड कीमत में खरीद लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सौदा करीब 15,300 करोड़ रुपये यानी 1.63 बिलियन डॉलर का हुआ है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। अमेरिका में बसे एंटरप्रेन्योर काल सोमानी ने एक बड़े निवेशक समूह (कंसोर्टियम) के साथ मिलकर राजस्थान रॉयल्स को यह रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा है। बताया जा रहा है कि इस कंसोर्टियम को वॉलमार्ट फैमिली और हैम्प फैमिली का भी सपोर्ट है।
यह डील आईपीएल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी डील मानी जा रही है। इससे पहले टोरेंट ग्रुप ने गुजरात टाइटंस में 67% हिस्सेदारी करीब 5025 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जिसकी कुल वैल्यू लगभग 7500 करोड़ रुपये थी। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स की यह डील उससे दोगुनी से भी ज्यादा साबित हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, यह सौदा आईपीएल 2026 सीजन के बाद लागू होगा। फिलहाल टीम की कमान ब्रिटिश-इंडियन बिजनेसमैन मनोज बदाले के पास है, जिनकी कंपनी इमर्जिंग मीडिया वेंचर्स के पास करीब 65% हिस्सेदारी है। इसके अलावा रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स और लैकलन मर्डोक जैसे बड़े निवेशक भी इसमें शामिल हैं।
आईपीएल की पहली चैंपियन रही राजस्थान रॉयल्स ने 2022 में भी फाइनल तक का सफर तय किया था। मौजूदा समय में टीम की कप्तानी रियान पराग के हाथों में है, जबकि कोचिंग की जिम्मेदारी पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा निभा रहे हैं।
कौन हैं काल सोमानी ?
काल सोमानी अमेरिका के एरिजोना स्थित स्कॉट्सडेल के रहने वाले एक सफल बिजनेसमैन हैं, जिन्हें टेक्नोलॉजी, डेटा प्राइवेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्पोर्ट्स टेक सेक्टर में 15 साल से ज्यादा का अनुभव है। स्पोर्ट्स में भी उनकी गहरी दिलचस्पी रही है। वे मोटर सिटी गोल्फ क्लब के को-ओनर हैं और TMRW Sports व TGL Golf League जैसे प्रोजेक्ट्स में इंवेस्टर रह चुके हैं। खास बात यह है कि सोमानी पहले से ही 2021 से राजस्थान रॉयल्स से जुड़े हुए थे और अब उन्होंने पूरी हिस्सेदारी लेकर टीम की कमान संभालने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
यह डील यह साबित करती है कि आईपीएल की ब्रांड वैल्यू लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है और आने वाले समय में इसमें और बड़े ग्लोबल निवेश देखने को मिल सकते हैं।












