वाराणसी। देश में LPG सिलेंडर (घरेलू गैस) के दामों में केंद्र सरकार के फैसले के बाद राजनीति गरमा गई है। LPG सिलेंडर (घरेलू गैस) के दामों में 50 रुपए के हुए इजाफे के बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर गई है। पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पूरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में हुए इजाफे का विरोध कर सपा कार्यकर्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर को जहां एक तरफ गंगा में प्रवाहित किया, तो वही कई कार्यकर्ताओं ने अपने घर के सिलेंडरों को कूड़ेदान में डालकर विरोध जताया। सपा नेता रविकांत जायसवाल के नेतृत्व में घरेलू गैस सिलेंडर को गंगा में प्रवाहित करने के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेट्रोलियमंत्री से दाम में बढ़ोतरी के आदेश को वापस लेने की मांग की।

आज से बढ़ गए घरेलू गैस सिलेंडर के दाम, जानिए वजह…
देश में 8 अप्रैल से घरेलू गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगे हो गए है। इसकी वजह पेट्रोलियम मंत्री हरदीपूरी ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी बताया है, वही आने वाले समय में बढ़े हुए दामों की समीक्षा किए जाने की बात कही है। केंद्र सरकार के द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में हुए इजाफे का सीधा असर मिडिल और गरीब परिवार पर पड़ने वाला है। 14 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में इजाफे के बाद उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाली गैस सिलेंडर 503 रुपए से बढ़कर 553 रुपए हो गए है। जबकि गैर उज्ज्वला योजना से मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडर 803 रुपए से बढ़कर 853 रुपए हो गए है।