Yogi Government Free Bus Travel. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिलाओं के लिए शुरू की गई नि:शुल्क बस यात्रा योजना ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आठ अगस्त को 19.5 लाख और नौ अगस्त को 31.7 लाख यात्रियों ने बसों में सफर किया। कुल यात्रियों में लगभग 70 प्रतिशत ऐसे थे, जिन्हें सरकार की ओर से निशुल्क यात्रा का लाभ मिला। तीन दिनों में कुल 75 लाख से अधिक यात्रियों के यात्रा करने का अनुमान है।
मुस्लिम समुदाय की बहनों ने भी उठाया लाभ
योगी सरकार की इस योजना का लाभ सिर्फ हिन्दू बहनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मुस्लिम समुदाय की बहनों ने भी निशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ लिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद भी किया।
विशेष इंतजाम और अतिरिक्त बसें चलाईं गईं
गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर समेत प्रमुख 10 बस स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने विशेष ड्यूटी और अतिरिक्त बसों का प्रबंध किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त मध्यरात्रि तक महिलाओं और एक सहयात्री के लिए सभी श्रेणी की रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा उपलब्ध कराई गई।
चालकों-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि 1800 किलोमीटर संचालन पूरा करने पर चालकों और परिचालकों को 1200 प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। लगातार 6 दिनों तक कार्य करने पर अतिरिक्त 0.55 प्रति किलोमीटर का भुगतान होगा। तकनीकी कर्मचारियों को भी दैनिक उपस्थिति पर 500, तथा स्टेशन पर्यवेक्षकों को 5000 प्रति स्टेशन सम्मान राशि दी जा रही है।
यात्रियों की भीड़ में अभूतपूर्व वृद्धि
परिवहन निगम के आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में प्रतिदिन 14-15 लाख यात्री बसों में सफर करते हैं, जबकि रक्षाबंधन के पहले दो दिनों में ही यह संख्या 50 लाख से अधिक हो गई। आठ अगस्त को 19.5 लाख यात्रियों ने सफर किया, जो सामान्य दिनों से 25 प्रतिशत अधिक था। 9 अगस्त को यह संख्या 31.7 लाख तक पहुंच गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में 210 प्रतिशत अधिक थी। 10 अगस्त को दोपहर 12:50 बजे तक 13 लाख यात्री सफर कर चुके थे और रात 12 बजे तक 25 लाख तक पहुंचने का अनुमान है।
बहनों ने योगी सरकार की पहल का जताया आभार
झांसी बस डिपो से यात्रा करने वाली संध्या ने कहा कि योगी सरकार की यह पहल महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा का अनुभव देती है। मुरादाबाद बस डिपो की महिला यात्री जीतू ने भी इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया।
8 वर्षों में 1.23 करोड़ बहनों को नि:शुल्क यात्रा का लाभ
2017 से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर शुरू हुई यह निशुल्क यात्रा योजना बीते आठ वर्षों में महिलाओं के लिए सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुकी है। इस दौरान 1,23,30,194 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला, जिसके लिए सरकार ने 101.42 करोड़ का आर्थिक बोझ उठाया। वर्ष 2023 में सर्वाधिक 29 लाख से अधिक महिलाओं ने निशुल्क यात्रा की। यह योजना विशेषकर ग्रामीण, पिछड़े और निम्न आय वर्ग की महिलाओं के लिए “सम्मान का तोहफा” साबित हुई है, जिससे उन्हें सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक यात्रा का अवसर मिला है। यह पहल रक्षाबंधन को पारिवारिक और सामाजिक जुड़ाव के साथ मनाने का भी एक अनूठा प्रयास है, जो योगी सरकार की महिलाओं के प्रति वास्तविक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।