उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र सोमवार, 11 अगस्त से शुरू हो रहा है। यह सत्र केवल चार दिनों का होगा, जिसमें एक दिन लगातार 24 घंटे तक विधानसभा की बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान, राज्य सरकार के मंत्री अपने-अपने विभागों के विजन डॉक्यूमेंट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को 2047 तक यूपी के विकास का रोडमैप तैयार करने की सलाह दी है।
रविवार को कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सत्र के दौरान के महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। वहीं, विपक्ष, खासतौर से समाजवादी पार्टी ने मॉनसून सत्र का समय बढ़ाने की मांग की है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 24 घंटे सदन चलाने को ‘पागलपन’ बताया है और राज्य सरकार पर कई सवाल उठाए हैं।
समाजवादी पार्टी की विधायक दल की बैठक में अखिलेश यादव ने विधायकों से सरकारी स्कूलों के मर्जर, बाढ़ और बारिश से बेहाल लोगों की समस्याओं पर चर्चा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने योगी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
यातायात मार्गों में बदलाव:
विधानसभा सत्र के दौरान शहर में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। निम्नलिखित मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है:
- बंदरियाबाग चौराहा से विधानसभा की ओर: यातायात बंद, वाहन लालबत्ती, कैण्ट, गोल्फ क्लब या 1090 चौराहे से जाएंगे।
- डीएसओ चौराहा से हजरतगंज/विधानसभा मार्ग: मार्ग बंद, यातायात पार्क रोड-मेफेयर तिराहा से डायवर्ट होगा।
- रॉयल होटल चौराहा से विधानसभा: यातायात कैसरबाग चौराहा, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, चिरैयाझील, बर्लिंग्टन चौराहा, सदर ओवरब्रिज, कैण्ट से डायवर्ट होगा।
- संकल्प वाटिका पुल से महानगर की तरफ: रोडवेज, सिटी बसें कैण्ट, बैकुण्ठ धाम, 1090 चौराहा, बन्दरियाबाग चौराहा से डायवर्ट होंगी।
- केकेसी तिराहा से चारबाग: रोडवेज, सिटी बसें हुसैनगंज, रॉयल होटल चौराहा से विधानसभा नहीं जा सकेंगी, डायवर्ट होंगी।
- गोमतीनगर से आने वाली बसें: बैकुण्ठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील, कैसरबाग से डायवर्ट होंगी।
- सिकन्दरबाग चौराहा से हजरतगंज-विधानसभा: यातायात सिकन्दरबाग चौराहे से डायवर्ट होगा।
- परिवर्तन चौक से हजरतगंज: यातायात कैसरबाग चौराहा, चिरैयाझील तिराहा से डायवर्ट होगा।
- डीएसओ चौराहा से सिसेण्डी तिराहा, रॉयल होटल चौराहा: डायवर्ट यातायात हजरतगंज चौराहा, मेफेयर तिराहा से बर्लिग्टन चौराहा, कैण्ट होकर जाएगा।