कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा यूपी टी-20 लीग (सीजन-4) का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया है। लखनऊ फॉल्कंस और मेरठ मावेरिक्स के बीच जारी इस मैच में तेज बारिश के कारण खेल आगे नहीं हो सका और शाम 5:30 बजे मैच को आधिकारिक रूप से रद्द घोषित कर दिया गया। दोनों टीमों को मुकाबले से एक-एक अंक शेयर करना पड़ा है।
टॉस जीतकर लखनऊ फॉल्कंस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की टीम ने 8.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए थे, तभी अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। मेरठ की ओर से सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा ने 30 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन और दिव्यांश जोशी ने 24 रन बनाए। लखनऊ फॉल्कंस के लिए स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और कृष्ण कुमार ने 1-1 विकेट हासिल किया।
मैच की औपचारिक शुरुआत एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने टॉस कराकर और पारंपरिक घंटा बजाकर की थी। इस दौरान यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बारिश के बाद मैदान खेलने योग्य न रहने के कारण अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला लिया।










