उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में आगामी एमएलसी शिक्षक और स्नातक चुनाव के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले में तीन दिनों के लिए शराब की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है।

वाराणसी खंड में चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। निर्वाचन क्षेत्र में लोक शांति बनी रहे, इसके लिए 21 अक्टूबर की शाम 4:00 बजे से लेकर 23 अक्टूबर को मतदान समाप्त होने तक शराब की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके अलावा, चुनाव के परिणाम यानी 27 अक्टूबर को मतगणना वाले दिन भी पूरे जिले में शराब की दुकानों की पूर्ण बंदी का आदेश लागू रहेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वाराणसी खंड के अंतर्गत आने वाले इस चुनाव के लिए जहां एक तरफ जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं दूसरी तरफ निर्दलीय प्रत्याशी और प्रमुख राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं।

23 अक्टूबर को होने वाली वोटिंग और 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों पर हर किसी की नजर टिकी हुई है। जनता अपने प्रतिनिधि का चुनाव बिना किसी दबाव या प्रभाव के कर सके, इसी मंशा के साथ प्रशासन ने शराबबंदी का यह सख्त फरमान सुनाया है।

'अपने विधायकों को बचाएं राजभर'  सपा सांसद Virendra Singh का करारा जवाब

शेयर करना
Exit mobile version