साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ अपनी घोषणा के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में फिल्म के प्रमोशनल मटेरियल, टीजर और गानों को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ आलोचनाएं देखने को मिलीं। खासतौर पर फिल्म में महिलाओं के फिल्मांकन और कुछ इंटीमेट सीन्स को लेकर लोगों ने अपनी नाराजगी जताई थी। अब हाल ही में हुए एक प्री-रिलीज इवेंट के दौरान सुपरस्टार यश ने इन सभी आलोचनाओं पर खुलकर बात की और अपनी फिल्म का बचाव करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
इवेंट के दौरान जब यश ने भीड़ में बड़ी संख्या में महिला फैंस को देखा, तो उन्होंने फिल्म में महिलाओं के किरदारों को लेकर हो रही चर्चाओं पर अपनी बात रखी। अभिनेता ने कहा कि समाज में भले ही कुछ लोग अलग नजरिया रखते हों और इसे स्वीकार न करें, लेकिन सच्चाई यह है कि उनकी नजरों में सम्मान हमेशा काम से बनता है। यश ने भरोसा दिलाया कि फिल्म की डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने यह साबित कर दिया है कि इस कहानी में हर महिला और लड़की हर तरह की कठिन परिस्थिति का सामना करने, अपने विचार खुलकर रखने और समाज में सफल होने का दम रखती है।
फिल्म के टीजर में दिखाए गए वैन वाले इंटीमेट सीन और कियारा आडवाणी के साथ ‘तबाही’ गाने पर हुए विवाद के बाद दर्शकों के एक वर्ग ने मेकर्स पर पुरुषों की पसंद को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया था। हालांकि, यश ने इन सभी अफवाहों को खारिज करते हुए युवा लड़कियों और महिला दर्शकों से अपील की कि वे सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें। उन्होंने कहा कि ट्रेलर में जैसा दिख रहा है, उससे कहीं ज्यादा फिल्म में महिलाओं की मजबूत आवाज और सशक्त किरदार देखने को मिलेंगे। फिल्म को देखने के बाद उन्हें पूरा मजा आएगा।
‘टॉक्सिक’ एक बड़े बजट की पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जिसे गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म को KVN प्रोडक्शंस और यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में यश डबल रोल में नजर आने वाले हैं, और उनके साथ नयनतारा, तारा सुतारिया, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसी बेहतरीन अभिनेत्रियां मुख्य भूमिकाओं में हैं। यश के इस बेबाक बयान के बाद अब फैंस की उत्सुकता इस फिल्म को लेकर और अधिक बढ़ गई है।














