राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने रविवार सुबह साढ़े पांच बजे एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट कर खुद को सियासी साजिशों का शिकार बताया। उन्होंने अपने पोस्ट में मां – बाप के लिए अपने प्यार को जाहिर किया और ‘जयचंद जैसे लालची लोगों’ पर निशाना साधा, हालांकि किसी का नाम नहीं लिया। इसके बाद सियासी गलियारों में तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं।

तेज प्रताप यादव का एक्स पर भावुक पोस्ट

तेज प्रताप ने लिखा, “मेरे प्यारे मम्मी-पापा… मेरी सारी दुनिया आप दोनों में ही समाई है। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए, न कि कुछ और। पापा आप नहीं होते तो न ये पार्टी होती, न मेरे साथ राजनीति करने वाले जयचंद जैसे लोग।”

एक्स पोस्ट में किसे जयचंद कह गए तेज प्रताप

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तेज प्रताप का इशारा अपने भाई तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव की ओर था, जिनसे उनकी लंबे समय से नाराजगी रही है। इससे पहले भी वे कई बार पार्टी के अंदरूनी मामलों पर संजय यादव और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को घेर चुके हैं।

तेज प्रताप को हाल ही में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इस फैसले को तेजस्वी यादव की ‘क्लीन इमेज’ बनाए रखने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ दिन पहले एक युवती के साथ तेज प्रताप की तस्वीर वायरल हुई थी, जिससे उनकी छवि और ज्यादा विवादों में घिर गई थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेज प्रताप का पार्टी में रहना राजद के लिए नुकसानदेह हो सकता था, खासकर चुनावी साल में। अब सवाल यह है कि क्या तेज प्रताप नया मोर्चा खोलेंगे या सियासत से दूरी बनाएंगे — इसका जवाब वक्त देगा।

UP News | सुबह 10 बजे की बड़ी खबरें | Breaking News | Hindi News | Politics | PM Modi| Uttar Pradesh

शेयर करना
Exit mobile version