उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के जाटव गेट इलाके में एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बता दें, प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी आदिल ने करीब चार साल पहले मुस्कान के साथ निकाह किया था। पिछले कुछ दिनों से दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद और दहेज की मांग को लेकर आदिल ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। हैरानी की बात तो यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी पति सीधे अपनी ससुराल पहुंचा और परिजनों से बेखौफ होकर कहा कि “तुम्हारी बेटी की जान ले ली है।” यह सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पति को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














