मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नई मंडी थाना क्षेत्र के पचेड़ा कला गांव में चौथी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा आयुषी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा स्कूल में लगे चोरी के आरोप से आहत थी।
स्कूल में 10 रुपये चोरी करने का शक जताया गया था
परिजनों के अनुसार, आयुषी पर स्कूल में 10 रुपये चोरी करने का शक जताया गया था। आरोप है कि इस मामले में उसकी पिटाई की गई और शिक्षकों ने अन्य बच्चों के सामने उसे अपमानित भी किया। घटना के बाद आयुषी रोते हुए स्कूल से घर पहुंची थी।
छात्रा ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली
परिवार के मुताबिक, घर आने के बाद छात्रा ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच शुरू
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आयुषी के पिता ने स्कूल के शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।













