मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में एसपी सिटी अमृत जैन और एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक के नेतृत्व में जिलेभर की पुलिस ने दिन-रात मोर्चा संभालते हुए शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ उनकी सेवा में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।
कहीं पुलिसकर्मी कांवड़ियों को भोजन-पानी की व्यवस्था करते और कहीं पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत करते दिखाई दी। पुलिस ने सेवा और सुरक्षा के बीच अपनी ड्यूटी का फर्ज भी पूरी मुस्तैदी से निभाया। कांवड़ मार्गों पर हादसों को रोकने से लेकर यातायात व्यवस्था संभालने, भीड़ नियंत्रण करने और सोशल मीडिया पर नजर रखने तक पुलिस हर मोर्चे पर अलर्ट रही।
कांवड़ यात्रा के दौरान सिटी सर्किल के पुरकाजी, छपार, नई मंडी, सिविल लाइन, नगर कोतवाली, खालापार, सिखेड़ा, मंसूरपुर और खतौली थाना क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही रही। वहीं ग्रामीण सर्किल के भोपा, जानसठ, मीरापुर, ककरौली, शाहपुर, रतनपुरी, बुढ़ाना और रामराज क्षेत्रों में भी पुलिस की व्यवस्थाओं की शिवभक्तों ने सराहना की।
इस पूरी व्यवस्था में पुलिस की जमीनी मेहनत को सोशल मीडिया तक पहुंचाने और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने में एसएसपी संजय वर्मा के स्पेशल मीडिया सेल की भी अहम भूमिका रही। मीडिया सेल प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र यादव और उनकी टीम ने कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस की सेवा, सुरक्षा और समर्पण की तस्वीरों को लगातार सोशल मीडिया पर सामने रखा। पुलिस की कार्यशैली और मानवीय चेहरा सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में रहा। यही कारण रहा की X प्लेटफार्म पर मुजफ्फरनगर पुलिस को करोड़ों शिव भक्तों ने धन्यवाद किया उनकी सुरक्षा और उनकी सुविधाओं के लिए और X ट्रेंडिंग में मुजफ्फरनगर पुलिस नंबर वन पर रही।
एसएसपी संजय वर्मा ने कांवड़ यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुभवी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष तैनाती भी की। दरोगा हो या थाना प्रभारी, अधिकारियों ने रात-दिन कांवड़ मार्गों पर मोर्चा संभाला। तेज धूप, भारी बारिश और रात के अंधेरे की परवाह किए बिना पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर डटे रहे। अधिकारियों के लिए इस दौरान न दिन मायने रखता था, न रात और न ही मौसम—एक ही लक्ष्य था कि आस्था का यह महापर्व सुरक्षित और सकुशल संपन्न हो।
कांवड़ यात्रा की मॉनिटरिंग में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीओ सदर राजू कुमार ने अपने पुराने कांवड़ यात्रा अनुभव का इस्तेमाल करते हुए व्यवस्था को मजबूती दी। वहीं नई मंडी क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार, खतौली सीओ रूपाली राव चौधरी, बुढ़ाना सीओ गजेंद्र पाल सिंह, जानसठ सीओ ऋषिका सिंह और सिटी सर्किल में एएसपी/आईपीएस सिद्धार्थ मिश्रा ने अपने-अपने क्षेत्रों में दिन-रात भ्रमण कर पुलिस बल को अलर्ट रखा और कांवड़ व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की।
वहीं महिला अधिकारी एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न महत्वपूर्ण प्वाइंटों पर तैनात रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुजफ्फरनगर पुलिस की इस पूरी मेहनत ने एक संदेश दिया कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं निभाती, बल्कि जरूरत पड़ने पर आस्था के इस महापर्व में सेवा का भाव भी दिखाती है। शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा से निभाया।
यूपी पुलिस का संकल्प है—“सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” और कांवड़ यात्रा-2026 में मुजफ्फरनगर पुलिस ने इस संकल्प को जमीन पर साकार कर दिखाया।













