मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान आतिशबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला शहर के प्रसिद्ध शिवचौक क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां कुछ कांवड़ियों द्वारा सड़क पर ही आतिशबाजी की गई। चलती हुई सड़क पर पटाखे छोड़े जाने से कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
सड़क पर कांवड़ियों के बीच आतिशबाजी की जा रही है। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचता है और स्थिति को संभालने की कोशिश करता है। पुलिसकर्मी ने जल रहे पटाखे को अपने पैरों से दबाकर बुझाया, ताकि कोई हादसा न हो सके।
वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में हलचल मच गई। व्यस्त सड़क पर आतिशबाजी किए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिसकर्मी की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है। अधिकारियों की ओर से कांवड़ मार्गों पर सतर्कता बरतने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की जा रही है।
वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और ऐसी गतिविधियों से बचें, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना की संभावना बन सकती है।














