उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित प्लेटिनम रिसॉर्ट में एक भव्य प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में प्रबुद्धजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उपस्थित नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया, जिससे पूरे सभागार में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बन गया।

अतिथि मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबुद्ध समाज किसी भी राष्ट्र की वैचारिक चेतना और विकास की रीढ़ होता है। भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में बुद्धिजीवी वर्ग का योगदान हमेशा से अग्रणी रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उनके संयुक्त नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुशासन, सुरक्षा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया इतिहास रच रहा है।
पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाएं
खाद्य एवं रसद मंत्री ने विभाग की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचा रही है। तकनीक पर आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली ने पूरी व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त और प्रभावी बनाया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए प्रबुद्ध समाज को आगे आकर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने प्रबुद्धजनों से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की इस विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक सचिन शर्मा, विजय शुक्ला, देवेन्द्र गुरियर, जॉनी गुर्जर, सुमित बजरंगी, कपिल शर्मा, ओमदत्त शर्मा, राकेश दीवान और ब्रजेश वशिष्ठ समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।














