मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पेश किया गया महाभियोग प्रस्ताव खारिज कर दिया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 130 सांसदों द्वारा हस्ताक्षरित उस प्रस्ताव नोटिस को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसमें ज्ञानेश कुमार को भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त पद से हटाने की मांग की गई थी।
कुछ दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अगुआई में विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया था। यह भारत में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पेश किया गया पहला महाभियोग प्रस्ताव था।
13 मार्च को तृणमूल कांग्रेस ने एक 10 पन्नों से ज्यादा के नोटिस में ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए 7 कारणों का जिक्र किया था। इन कारणों में बिहार की SIR प्रक्रिया का उल्लेख किया गया था, साथ ही लोगों के वोटिंग अधिकार को छीनने की बात भी की गई थी। इसके अलावा, कुछ राजनीतिक दलों के प्रति पक्षपात करने का आरोप भी लगाया गया था। नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का भी उल्लेख किया गया था।
इस प्रस्ताव पर राज्यसभा के सभापति ने गंभीर विचार-विमर्श किया। सभी जरूरी पहलुओं और मुद्दों का मूल्यांकन करने के बाद, सभापति ने न्यायाधीश (जांच) अधिनियम, 1968 की धारा 3 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
इस प्रकार, तृणमूल कांग्रेस की अगुआई में पेश किया गया महाभियोग प्रस्ताव खारिज कर दिया गया है।













