लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आगामी शारदीय नवरात्रि, दीपावली, धनतेरस, देव-दीपावली और छठ पूजा सहित सभी पर्वों के सुरक्षित और सुचारू आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पर्वों के दृष्टिगत तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि हर जनपद में जन सुरक्षा, सुविधा और कानून व्यवस्था का पूर्ण ध्यान रखा जाए।

मिशन शक्ति 5.0 पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति 5.0 के संचालन के लिए तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 22 सितंबर से यह अभियान नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर केंद्रित होगा। 21 सितंबर को प्रत्येक जनपद में महिला पुलिसकर्मियों की बाइक रैली निकाली जाएगी। सार्वजनिक स्थलों और विद्यालयों में एंटी रोमियो स्क्वायड प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं को प्रदेश और जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। महिला बीट अधिकारी ग्राम पंचायतों में जागरूकता फैलाएंगी और शासन की योजनाओं की जानकारी देंगी।

कानून-व्यवस्था और संवेदनशील स्थिति

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहारों का समय संवेदनशील होता है। अराजक तत्वों, उपद्रवियों और शोहदों को कड़े रूप से रोका जाए। सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई जाए, फेक न्यूज़ फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। किसी अप्रिय घटना की सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान तुरंत मौके पर पहुंचें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में भय सुनिश्चित किया जाए। ट्रैफिक, विद्युत, स्वास्थ्य और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वच्छता, सुविधाएं और प्रशासनिक तत्परता

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरों और मंदिरों में स्वच्छता, पेयजल, सड़कें और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों में दवाइयां, ट्रॉमा सेवाएं, स्नेक वेनम और रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता हो। बाढ़ या अन्य आपदा प्रभावित लोगों को राहत, मुआवजा और आवासीय सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

साथ ही, सभी विभागों में आईजीआरएस, सम्पूर्ण समाधान दिवस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान के तहत 300 से अधिक विद्वतजनों को जनपदों में लोगों से संवाद के लिए भेजा गया है। हर जनपद में 5-10 विद्वतजन सुझाव और मार्गदर्शन के लिए सक्रिय रहें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि पर्वों का माहौल हर्ष और उल्लासपूर्ण रहे, लेकिन सुरक्षा, स्वच्छता और नियम-व्यवस्था के सभी उपाय सुनिश्चित हों।

Goldy Brar और Lawrence Gang को लेकर ये क्या बोली Harsha Richarya? कर दिया चौकाने वाला खुलासा!

शेयर करना
Exit mobile version