अदाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अदाणी ने सोमवार को मुंबई पुलिस के सुरक्षा और पुलिसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के उद्देश्य से एक बड़ी घोषणा की है। अदाणी फाउंडेशन ने मुंबई पुलिस के बेड़े (Fleet) में 100 नई कारें जोड़ने के लिए 15 करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा पुलिस बल को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए प्रणव अदाणी ने कहा कि यह योगदान मुंबई पुलिस के उन बहादुर कर्मचारियों के समर्पण और कड़ी मेहनत को सम्मान देने का एक छोटा सा प्रयास है, जो शहर और नागरिकों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं। उन्होंने कहा कि “कभी न सोने वाले शहर” की सुरक्षा में मुस्तैद खाकी वर्दीधारी जवानों का समर्थन करके उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है। योगदान की इस प्रक्रिया के तहत प्रणव अदाणी ने पुलिस मुख्यालय का दौरा भी किया, जहां मुंबई पुलिस फाउंडेशन ने इस सहयोग के लिए अदाणी फाउंडेशन का आभार जताया।
इसके अलावा, हाल ही में प्रणव अदाणी ने केंद्र सरकार की नई मंजूर ‘समुद्र मंथन’ योजना की सराहना करते हुए कहा था कि यह पहल भारत की ऑफशोर एनर्जी क्षमता को नई दिशा देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह योजना घरेलू तेल और गैस खोज को बढ़ावा देकर देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में मदद करेगी।













