उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील राजीव कुमार सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को बाइक सवार दो हमलावरों ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि एक गमछाधारी बदमाश वकील के बिल्कुल पास पहुंचा और देशी तमंचे से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के बाद भागने की कोशिश में बदमाशों की बाइक तुरंत स्टार्ट नहीं हो सकी। बाइक पर बैठे दूसरे बदमाश ने करीब 19 बार किक मारकर बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद गमछाधारी हमलावर ने तमंचा बाइक के बैग में रखा और तीन कोशिशों के बाद बाइक स्टार्ट कर दी।
इसी दौरान दूसरे हमलावर ने उधर आ रहे दो लोगों को तमंचा दिखाकर रोक दिया, जिससे मौके पर दहशत फैल गई।



