नई दिल्ली: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पश्चिम एशिया में बने हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल के बीच रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय सहयोग को लेकर चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (6 अगस्त) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि उन्हें इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया था। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान भारत और इजरायल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में हुई प्रगति की समीक्षा की गई।
पीएम मोदी के पोस्ट को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी री-पोस्ट किया। नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि दोनों देश मिलकर भारत-इजरायल संबंधों को और मजबूत करते रहेंगे।
पश्चिम एशिया के हालात पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल विशेष रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति की समीक्षा की। साथ ही दोनों देशों के पारस्परिक हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू ने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। दोनों नेता आपसी संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।
ओमान के साथ समझौते के अंतिम चरण में ईरान
इस बीच ईरान ने गुरुवार को कहा कि वह ओमान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देने के चरण में है। यह जलमार्ग वैश्विक पोत परिवहन और ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
फरवरी में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों से शुरू हुए संघर्ष से पहले दुनिया का लगभग 20 फीसदी तेल और गैस फारस की खाड़ी के पास स्थित इसी जलमार्ग से होकर गुजरता था।













