Sadhvi Pragya News. मालेगांव ब्लास्ट केस में अदालत से बरी होने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचीं भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कई सनसनीखेज आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का न तो कोई मजहब होता है और न ही रंग, लेकिन कांग्रेस ने षड्यंत्रपूर्वक “हिंदू आतंकवाद” की अवधारणा को गढ़ा।
हरा रंग लेकर आतंकवाद फैलाते हैं
प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि आतंकवाद का धर्म भी होता है और रंग भी होता है। कुछ लोग हरा रंग लेकर आतंकवाद फैलाते हैं और उसी को खुश करने के लिए कांग्रेस ने हिंदू आतंकवाद शब्द गढ़ा। यह एक सुनियोजित षड्यंत्र था। पहलगाम जैसे मामलों में सिर्फ हिंदुओं को निशाना बनाया गया, कपड़े उतरवाकर जांच के नाम पर अपमानित किया गया।
दिग्विजय सिंह को बताया “दिग्भ्रमित”
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा उनका नाम लेना ही दिन खराब करने जैसा है। वह दिग्भ्रमित हैं और केवल भ्रम फैलाने का काम करते हैं।
मोहन भागवत और पीएम मोदी का नाम लेने का था दबाव
साध्वी ने कहा कि उन्हें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, और अन्य भाजपा नेताओं का नाम लेने के लिए दबाव में रखा गया। मुझसे कहा गया कि इन लोगों के नाम लेकर बयान दो, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। इसीलिए मुझे ज़्यादा प्रताड़ित किया गया।
ATS अधिकारियों पर गंभीर आरोप
पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह पर निशाना साधते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने कहा परमबीर सिंह ने अपनी सभी सीमाएं लांघीं। मुझे गैरकानूनी रूप से 13 दिन बिना कागज़ात के रखा गया, फिर 11 दिन की पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया। कुल 24 दिन मुझे अवैध तरीके से पुलिस कस्टडी में रखा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ परमबीर सिंह ही नहीं, बल्कि पूरी ATS टीम ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। हर कानून को तोड़कर मुझे मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश की गई।
सत्य की जीत हुई है
प्रज्ञा ठाकुर ने अपनी रिहाई को सत्य की जीत बताया। उन्होंने कहा जो भी देश के विरुद्ध षड्यंत्र कर रहे थे, उन्हें करारा जवाब मिला है। सत्य की विजय हुई है, क्योंकि धर्म और राष्ट्र हमारे साथ था। यह पहले भी कहा था और अब यह सिद्ध हो गया है।