चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के बजट 2026-27 को “तरक्की का हलफनामा” बताते हुए महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मावन ध्यान दा सत्कार स्कीम’ शुरू करने का ऐलान किया है, जिसके तहत जनरल कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने ₹1,000 और अनुसूचित जाति (SC) व अन्य पिछड़े वर्ग (OBC) की महिलाओं को ₹1,500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
बता दें, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह बजट अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पेश किया गया है और यह महिलाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ एक दस्तावेज नहीं बल्कि पंजाब की तरक्की का रोडमैप है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने शिक्षा के बजट में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। वहीं खेलों के लिए रिकॉर्ड 1,791 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई में खेल अहम भूमिका निभा सकते हैं। जब युवा खिलाड़ी मेडल जीतते हैं तो इससे दूसरे युवाओं को भी स्वस्थ जीवन और नशे से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है।
भगवंत मान ने कहा कि सरकार की कई योजनाओं का सीधा लाभ महिलाओं को मिलेगा। उन्होंने ₹10 लाख की हेल्थ इंश्योरेंस योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अक्सर घर की माताएं और बहनें ही स्वास्थ्य से जुड़े खर्चों की चिंता करती हैं। यह योजना परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देगी।
इसके अलावा उन्होंने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा और 600 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से परिवारों के दैनिक खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
बता दें, मुख्यमंत्री मान ने विपक्ष के उन आरोपों को भी खारिज किया जिनमें राज्य का खजाना खाली होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के पैसे को सही तरीके से प्रबंधित करना जानती है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने थर्मल प्लांट खरीदे हैं, कोयला खदानों को फिर से चालू किया है, कई टोल प्लाजा बंद किए हैं और आम आदमी क्लीनिक व स्कूल ऑफ एमिनेंस जैसी पहल शुरू की है। साथ ही राज्य में लगभग 43,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने पारदर्शिता और ईमानदारी की राजनीति की शुरुआत की है और पार्टी जनता का पैसा जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधानसभा में राज्य का पांचवां बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले चार वर्षों में समाज के हर वर्ग के विकास पर ध्यान दिया है।
वहीं विपक्ष ने इस बजट को लेकर सरकार पर निशाना साधा। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी वादों से पीछे हट रही है।
इसी बीच पंजाब कांग्रेस की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को ₹1,000 मासिक भत्ता देने के वादे को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग की बेटी एकोम वारिंग भी शामिल थीं, जिन्हें बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।












