मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और पुणे समेत आसपास के जिलों में पिछले चार दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। भारी जलभराव और भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। अब तक बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
‘मिसिंग लिंक’ सुरंग में रिसाव, मार्ग बंद
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कुछ सप्ताह पहले ही जनता के लिए खोले गए अत्याधुनिक ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। सुरंग के भीतर तेजी से पानी के रिसाव और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से इस मार्ग को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। विपक्ष ने इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
रेल और सड़क यातायात ठप
कर्जत के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण मुंबई-पुणे के बीच रेल सेवाएं बुरी तरह बाधित हैं। पटरियों पर आए मलबे को हटाने का काम जारी है, लेकिन लगातार बारिश चुनौती बनी हुई है। उधर, मुंबई के उपनगर मानखुर्द में एक तीन मंजिला चाल ढहने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
प्रशासनिक कदम और वर्क फ्रॉम होम
हालात को देखते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों को बंद रखने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने निजी कंपनियों को मानवीय आधार पर अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ की सुविधा देने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि गाइडलाइन का पालन न करने वाली संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री की लोगों से अपील
विधानसभा में स्थिति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह स्थिति ‘मानव नियंत्रण से परे’ है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी गैरजरूरी यात्रा से बचें और भारी बारिश के दौरान किसी भी पर्यटन स्थल या जलप्रपात के करीब जाने का जोखिम न उठाएं। मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने भी नागरिकों से सुरक्षित रहने और केवल आपात स्थिति में ही घर से बाहर निकलने का आग्रह किया है। मुंबई के निचले इलाकों में कई फीट पानी भर जाने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।












