बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी भरे कॉल्स के ज़रिए फिरौती मांगी गई है। डायरेक्टर को शनिवार सुबह एक धमकी भरा कॉल आया जिसमें 20 करोड़ रुपये मांगे गए। साथ ही, इस कॉल में कहा गया है कि अगर इस बार फिरौती में मांगी गई रकम पूरी नहीं हुई, तो टारगेट घर नहीं बल्कि सीधे रोहित शेट्टी होंगे। इस खबर के सामने आने के बाद एक बार फिर बॉलीवुड में हलचल मच गई है। धमकी भरा कॉल करने वाले की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। इस मामले में मुंबई पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरे कॉल्स के पीछे कौन है।
रोहित शेट्टी से 20 करोड़ की फिरौती मांगी गई
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शेट्टी को यह धमकी एक ऑडियो क्लिप के ज़रिए दी गई है, जिसमें उनसे 20 करोड़ की फिरौती मांगी गई है। यह घटना डायरेक्टर के जुहू स्थित घर पर हुई गोलीबारी के कुछ महीने बाद हुई है, जिससे इंडस्ट्री में एक बार फिर हलचल मच गई है। पुलिस के मुताबिक, रोहित शेट्टी के स्टाफ को शनिवार सुबह एक ऑडियो क्लिप मिली। करीब 90 सेकंड की इस ऑडियो क्लिप में पैसे न मिलने पर जान से मारने की बात कही गई।
बिश्नोई के करीबी शुभम लोंकर की आवाज़ बताई जा रही
ऑडियो क्लिप में लॉरेंस बिश्नोई के करीबी शुभम लोंकर की आवाज़ बताई जा रही है, वही शुभम लोंकर जो 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या और इस साल की शुरुआत में रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में वॉन्टेड है। ऑडियो क्लिप मिलने के बाद जुहू पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ऑडियो क्लिप की आवाज़ का पता लगाने के लिए इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फरवरी में हुई थी फायरिंग
इससे पहले 1 फरवरी को देर रात रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। रात में महमूद चौक के पास उनके घर पर गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा था, जिसके बाद बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। डायरेक्टर के घर पर फायरिंग करने वाले दीपक शर्मा को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया था, जिसने बताया कि वह सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग से जुड़ा था और गैंग से प्रभावित होकर उसने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की थी।
रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर चर्चा में हैं
वही वर्क फ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी अपने स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसकी रिलीज डेट हाल ही में जारी की गई है। इस सीजन में फरहाना भट्ट, ओरिजिनल, गौरव खन्ना, रुबीना दिलाइक, करण वाही, अविनाश मिश्रा, जैस्मीन भसीन, ऋत्विक धनजानी, अविका गौर, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा और विशाल आदित्य सिंह जैसे सेलिब्रिटी नजर आएंगे। यह शो 25 जुलाई से हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।















