मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहां एक 45 वर्षीय फूफा अपनी ही 15 साल की नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। लेकिन जब समाज और पुलिस की कानूनी कार्रवाई का डर सताया, तो दोनों ने रास्ते में ही जहर खा लिया। इस आत्मघाती कदम में नाबालिग लड़की की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आरोपी फूफा की हालत जिला अस्पताल में बेहद गंभीर बनी हुई है।
30 साल का फासला, मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र
यह चौंकाने वाला मामला उस वक्त और अधिक गंभीर हो गया, जब मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों और पुलिस कर्मियों ने देखा कि महज 15 साल की मृतका की मांग में सिंदूर भरा हुआ था और गले में मंगलसूत्र था। इससे साफ हो गया कि आरोपी फूफा ने समाज से छिपकर नाबालिग से शादी कर ली थी। दोनों की उम्र में करीब 30 साल का फासला है। हैरान करने वाली बात यह भी है कि आरोपी फूफा के खुद के बच्चों की भी शादी हो चुकी है और वह दादा-नाना बनने की उम्र में था।
उम्र का सच सामने आते ही घबराया आरोपी
शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी फूफा 19 जून को अपनी भतीजी को भगाकर अपने गांव ले गया था। आरोपी को भ्रम था कि लड़की बालिग है। लेकिन 20 जून को जब लड़की के परिजनों से उसका संपर्क हुआ, तो उन्होंने बताया कि लड़की नाबालिग है और उसकी उम्र मात्र 15 साल 8 महीने है। परिजनों द्वारा अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत पुलिस केस दर्ज कराने की बात सुनते ही आरोपी फूफा बुरी तरह डर गया।
कानूनी शिकंजे और बदनामी के डर से उसने रविवार को गांव से लौटते समय पंधाना मार्ग पर दीवाल गांव के पास बाइक रोकी और नाबालिग के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। राहगीरों की सूचना पर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लड़की ने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों ने फूफा पर हत्या का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।














