मध्य पूर्व में तेजी से बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी (GCAA) ने घोषणा की है कि देश के हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से आंशिक रूप से बंद किया जा रहा है। यह फैसला क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और संभावित खतरे को देखते हुए लिया गया है।
GCAA के अनुसार, यह कदम यात्रियों, एयरक्रू और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में हवाई सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन पर भी असर पड़ा है। एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, हालांकि आधिकारिक स्तर पर चरणबद्ध संचालन व्यवस्था लागू किए जाने की जानकारी दी गई है। यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मध्य पूर्व के कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों की खबरों के बाद कई खाड़ी देशों ने भी सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए हवाई यातायात पर प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। यदि क्षेत्रीय तनाव और बढ़ता है तो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ सकता है। फिलहाल UAE प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति के अनुसार आगे के फैसले लिए जाएंगे।



