मथुरा: खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरा में FSDA (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मिलावटी दूध से भरे एक टैंकर को रोककर करीब 2000 लीटर दूध को मौके पर ही नष्ट कराया।
जानकारी के मुताबिक, FSDA की टीम ने राया रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी कर मिलावटी दूध से भरे टैंकर को पकड़ा। जांच के दौरान दूध में मिलावट की आशंका मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे दूध को सड़क किनारे नाली में बहाकर नष्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि नष्ट किए गए दूध की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान टैंकर चालक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मिलावटी दूध कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। FSDA अधिकारियों के मुताबिक, मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा में हुई इस कार्रवाई के बाद दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।











