मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ प्रसिद्ध ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा मार्ग पर एक भंडारा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए और सरेआम अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कम से कम 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
लाइव फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
यह पूरी वारदात थाना हाईवे इलाके के महोली गांव की है। घटना का एक हैरान करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बवाली हाथों में खुलेआम हथियार लेकर लाइव फायरिंग करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। इस वारदात के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात और फायरिंग की सूचना देने के बावजूद पुलिस घटनास्थल पर बेहद देरी से पहुंची।
गांव में भारी तनाव, सुरक्षा बल तैनात
धार्मिक और पावन परिक्रमा क्षेत्र में हुई इस अंधाधुंध फायरिंग की घटना के बाद से महोली गांव और आसपास के इलाकों में भारी तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है और वायरल वीडियो के आधार पर बवाल करने वाले आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।















