उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर पंचायत की अंदरूनी सियासत सड़क पर आ पहुंची। भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी और पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार उर्फ पप्पन के बीच मेला कमेटी को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि दोनों सार्वजनिक सड़क पर ही आमने-सामने आ गए। और दोनों ही पब्लिक प्लेस पर एक दूसरे को मां बहन की भद्दी भद्दी गालिया देने लगे । जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ।
मेला कमेटी को लेकर शुरू हुई कहासुनी
बताया जा रहा है कि मेला कमेटी से जुड़े किसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद शुरू हुआ। शुरुआती कहासुनी देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों के सामने दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते नजर आए।
बात बढ़ी तो भाषा की मर्यादा भी टूटी
विवाद के दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि एक-दूसरे के खिलाफ अभद्र भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि स्थिति ऐसी बन गई कि मारपीट की नौबत तक पहुंचती दिखाई दी।
सड़क पर सियासी टकराव, लोग बने तमाशबीन
नगर पंचायत के मौजूदा और पूर्व चेयरमैन के बीच सार्वजनिक जगह पर हुए इस विवाद ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। कुछ लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे, तो किसी ने इसका वीडियो बना लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अब इसी विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद नगर पंचायत की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग अपने-अपने स्तर पर पूरे मामले को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों के आचरण पर भी सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है—क्या जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को सार्वजनिक स्थान पर अपने विवाद को इस तरह सामने लाना चाहिए? चेयरमैन और पूर्व चेयरमैन यानी जनप्रतिनिधियों के आचरण और भाषा की मर्यादा पर भी सवाल खड़े कर रहे है।
रिपोर्ट : हरि पाल सिंह














