मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली जा रही भाजपा ग्रामीण मंडल की तिरंगा यात्रा के दौरान एक अजीबोगरीब और डरावना हादसा सामने आया है। रालामंडल के पास डीजे की तेज आवाज और कंपन के कारण पेड़ों पर बैठे हजारों मधुमक्खियों का झुंड अचानक भड़क उठा। देखते ही देखते मधुमक्खियों ने यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। रास्ता संकरा होने के कारण लोगों को भागने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिली, जिसके चलते कई कार्यकर्ता जान बचाने के लिए सोयाबीन के खेतों और कीचड़ में गिरते-पड़ते नजर आए। इस हमले में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत देवास जिला अस्पताल, विजयागंज मंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कुछ को बेहतर इलाज के लिए उज्जैन रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा नेता जुगनू गोस्वामी और हितेंद्र सिंह बना सहित कई वरिष्ठ नेता तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। इस अचानक हुए हादसे के कारण तिरंगा यात्रा कुछ समय के लिए बाधित हो गई, लेकिन प्रशासन और पार्टी नेताओं की सूझबूझ से स्थिति को संभाला गया।














