बॉम्बे हाई कोर्ट में लिपिक पद पर भर्ती के लिए आयोजित Online Typing Test में तकनीकी और सर्वर संबंधी समस्याओं का आरोप लगाते हुए कई अभ्यर्थियों ने छत्रपति संभाजीनगर में विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर और सिस्टम में खराबी आने के कारण उन्हें परेशानी हुई और कई अभ्यर्थियों को बिना गलती के अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया।
प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके भी शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को तकनीकी दिक्कतों के कारण परीक्षा से नुकसान हुआ है। दीपके ने परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की मांग की।
अभिजीत दीपके ने कहा कि कई छात्र 10 मिनट में ही लॉग आउट हो गए और सिस्टम फेल हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित करने में सक्षम नहीं हैं तो छात्रों का भविष्य क्यों बर्बाद किया जा रहा है।
बॉम्बे हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार (कार्मिक) की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि लिपिक पद के लिए Typing Test सुचारू रूप से आयोजित किया गया था, हालांकि कुछ परीक्षा केंद्रों, खासकर औरंगाबाद और कल्याण में तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। कोर्ट ने कहा कि तकनीकी समस्याओं की जांच की जा रही है और उम्मीदवारों को आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी जाएगी।
अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे। कुछ उम्मीदवारों ने बताया कि कंप्यूटर स्क्रीन पीली दिखने लगी और कीबोर्ड ने भी काम करना बंद कर दिया था।
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद अभिजीत दीपके छत्रपति संभाजीनगर के सुराणा नगर स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे और प्रभावित अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वह उनके साथ रहेंगे और प्रदर्शन का समर्थन करेंगे।












