लखनऊ: हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित बैकुंठ धाम श्मशान घाट परिसर में मंगलवार सुबह 24 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लकड़ी कारोबारी शिव कुमार के बेटे उमेश के रूप में हुई है। युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की आशंका है। उसके चेहरे, आंख और सीने पर भी चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने साथ बैठकर शराब पीने वाले दो परिचितों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैकुंठ धाम परिसर में मिला युवक का शव
बालू अड्डा निवासी शिव कुमार बैकुंठ धाम श्मशान घाट में लकड़ी की टाल चलाते हैं। उनका परिवार भी श्मशान घाट परिसर में ही रहता है। मंगलवार तड़के घाट के कर्मचारी सफाई के लिए निकले तो नए प्लेटफॉर्म की पार्किंग के पास स्थित काली मंदिर के बगल में उमेश का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
शव के आसपास खून बिखरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर हजरतगंज कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार शाम से लापता था उमेश
मृतक के पिता शिव कुमार के मुताबिक, उमेश श्मशान घाट पर काम में हाथ बंटाने के साथ ही नगर निगम के आरआर विभाग से जुड़े एक कर्मचारी के साथ बिजली का काम भी करता था।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे उमेश खाना खाने घर आया था। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे वह आखिरी बार घर पर फूल देने पहुंचा था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन करना शुरू किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। रात करीब नौ बजे के बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
शराब पीने के दौरान विवाद की आशंका
हजरतगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, पूछताछ के दौरान श्मशान घाट पर काम करने वाले एक कर्मचारी ने परिजनों को बताया कि वारदात से पहले उमेश को राकेश सिंह और शेखर सिंह नाम के युवकों के साथ मंदिर के पास बैठकर शराब पीते देखा गया था।
परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोनों युवकों ने किसी भारी वस्तु से उमेश के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने शिव कुमार की तहरीर पर राकेश सिंह और शेखर सिंह के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।














