आजमगढ़/जौनपुर। रविवार की शाम आजमगढ़ और जौनपुर की सीमा पर स्थित बेसो नदी में तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना दीदारगंज थाना (आजमगढ़) और खेतासराय थाना (जौनपुर) क्षेत्र की सीमा पर हुई।
जानकारी के अनुसार, भादो-सोगर मार्ग के पास मछली पकड़ रहे ग्रामीणों ने देखा कि एक बेडशीट में लिपटे शव, जिनके साथ पटिया और बालू बंधा था, नदी में बह रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दीदारगंज थाना प्रभारी, मार्टीनगंज चौकी प्रभारी और खेतासराय थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शवों को नदी से बाहर निकाला।
बरामद शवों में एक आठ वर्षीय लड़का, एक छह वर्षीय लड़की और एक दो वर्षीय लड़का शामिल हैं। तीनों शव पूरी तरह नग्न थे और उनके हाथ-पैर काले धागे से बंधे हुए थे। इस भयावह दृश्य ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैलाया।
शवों की बरामदगी के बाद आजमगढ़ और जौनपुर पुलिस के बीच सीमा विवाद भी देखने को मिला, जो लगभग एक घंटे तक चला। बाद में लेखपालों की मदद से सीमा की स्थिति स्पष्ट की गई, जिसके बाद जौनपुर की खेतासराय पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि ये शव सरायमीर थाना क्षेत्र के कौराहगनी गांव निवासी रमेश बनवासी के बच्चों के हो सकते हैं। बताया जाता है कि रमेश के पांच बच्चे बीमार थे, जिनमें से तीन की मृत्यु हो चुकी है और दो अभी भी बीमार हैं।
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।