Bengaluru: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की गंभीर कमी को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में गैस सप्लाई में आई रुकावट के कारण होटल, रेस्टोरेंट और केटरिंग सेवाओं पर बड़ा असर पड़ रहा है और कई प्रतिष्ठान अस्थायी रूप से बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

बता दें, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पत्र में बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जारी एक आदेश में घरेलू LPG सप्लाई को प्राथमिकता दी गई है। इस निर्णय का उद्देश्य देशभर के घरों में बिना रुकावट गैस उपलब्ध कराना है, लेकिन इसके कारण बेंगलुरु में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई अचानक प्रभावित हो गई है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के चलते व्यावसायिक उपभोक्ताओं के सामने अनचाहा सप्लाई संकट खड़ा हो गया है।

वहीं, पत्र में मुख्यमंत्री ने लिखा कि शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशनों ने शिकायत की है कि उन्हें कमर्शियल LPG सिलेंडर मिल नहीं पा रहे हैं। कई प्रतिष्ठानों ने यह भी आशंका जताई है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो उन्हें कुछ समय के लिए अपना कारोबार बंद करना पड़ सकता है।

बता दें, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बेंगलुरु में छोटे रेस्टोरेंट, मेस और केटरिंग सेवाओं का एक बड़ा नेटवर्क है, जो रोजाना लाखों लोगों को भोजन उपलब्ध कराता है। ऐसे में गैस की कमी का असर सीधे तौर पर इन सेवाओं पर निर्भर लोगों पर पड़ रहा है।

पत्र में आगे कहा गया है कि इस संकट से सबसे ज्यादा परेशानी उन छात्रों और कामकाजी लोगों को हो रही है जो अपने घरों से दूर रहते हैं और रोजाना खाने के लिए होटल, मेस और छोटे रेस्टोरेंट पर निर्भर रहते हैं। इसके अलावा शादी समारोह के हॉल, हॉस्टल और इवेंट वेन्यू भी कमर्शियल LPG पर निर्भर हैं, जिससे तय सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी अनिश्चितता की स्थिति बन रही है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से आग्रह किया है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और होटल, रेस्टोरेंट, कम्युनिटी हॉल, चूल्ट्री और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए पर्याप्त कमर्शियल LPG सप्लाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दें।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को समय पर आवश्यक निर्देश दिए जाएं तो मौजूदा सप्लाई संकट को जल्दी दूर किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि समय रहते समाधान निकलने से व्यवसाय सामान्य रूप से चलते रहेंगे और उन हजारों लोगों को भी परेशानी नहीं होगी जो रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इन सेवाओं पर निर्भर हैं।

लोकसभा में भयंकर गरजे सपा सांसद Rajeev Rai, सीधे-सीधे अमित शाह से पूछ दिया ये चुभने वाला सवाल!

शेयर करना
Exit mobile version