बेंगलुरु में होगा ‘उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग 2026’ रोडशो
उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश को निवेशकों की पहली पसंद बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में बुधवार, 24 जून को बेंगलुरु में ‘उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग 2026’ के तहत इन्वेस्टर्स रोडशो का आयोजन किया जाएगा। इस रोडशो की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यक्रम में देश के कई प्रमुख उद्योगपति भी शामिल होंगे।
विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर होगी चर्चा
आयोजन के दौरान उद्योग समर्थित वातावरण और विभिन्न सेक्टर्स में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में इंफ्रास्ट्रक्चर, आईटी एवं आईटी इनेबल्ड सर्विसेज, ग्लोबल कैपैसिटी सेंटर्स और एफडीआई पर आधारित तीन अलग-अलग सत्र आयोजित होंगे। इन सत्रों में संबंधित क्षेत्रों के प्रमुख उद्यमी अपने विचार साझा करेंगे।
निवेश और व्यापार अवसरों पर दिखाई जाएगी लघु फिल्म
रोडशो के दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश और व्यापार की संभावनाओं को दर्शाने वाली एक लघु फिल्म की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। इसके माध्यम से राज्य में उपलब्ध अवसरों और निवेश अनुकूल माहौल को प्रस्तुत किया जाएगा।
निवेशकों के सामने रखी जाएगी यूपी की विकास गाथा
इस रोडशो का उद्देश्य बेंगलुरु के निवेशकों और उद्योगपतियों के समक्ष उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, निवेश अनुकूल नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों को प्रस्तुत करना है। कार्यक्रम में राज्य के मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था, सेक्टोरल पॉलिसीज, एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रिक व्हीकल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में हुई प्रगति की जानकारी दी जाएगी।
निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बना उत्तर प्रदेश
सिंगल विंडो सिस्टम, विशाल भूमि बैंक, स्किल्ड मैनपावर और इन्सेंटिव पॉलिसी के चलते पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभरा है। इसी दिशा में राज्य सरकार निवेशकों को आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।














